राष्ट्रीय
कश्मीर मुद्दा ‘चुटकियों’ में नहीं सुलझाया जा सकता : राजनाथ सिंह
By Deshwani | Publish Date: 3/6/2017 8:31:37 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि सरकार युवाओं सहित कश्मीर के हर उस तबके के साथ बातचीत करने के लिए तैयार है, जो केंद्र के साथ बात करना चाहता है| हालांकि उन्होंने अलगाववादियों से बातचीत के सवाल को टाल दिया।
राजनाथ सिंह ने कहा, 'सरकार इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, कश्मीर मुद्दा ‘चुटकियों’ में नहीं सुलझाया जा सकता है| केंद्र सरकार लोगों का विश्वास हासिल कर कश्मीर मुद्दे का स्थायी समाधान चाहती है।'
राजनाथ ने यह बात भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर प्रेस वार्ता के दौरान कही। राजनाथ ने कहा, 'लोकतंत्र में सभी मुद्दों का समाधान बातचीत के माध्यम से हो सकता है, हम बातचीत के माध्यम से मुद्दे का समाधान करना चाहते हैं, जो कोई भी हमसे बातचीत करना चाहता है, हम उसके लिए तैयार हैं| अगर युवाओं का कुछ संगठन बातचीत करना चाहेगा, तो हम उसके लिए तैयार हैं, कश्मीरी युवा देश के भविष्य हैं।'