राष्ट्रीय
अमरनाथ यात्रा 29 से होगी शुरू, खुफिया एजेंसियां और सेना अलर्ट
By Deshwani | Publish Date: 31/5/2017 4:38:56 PM जम्मू, (हि.स.)। 29 जून से शुरू होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर खुफिया एजेंसियां और सेना अलर्ट पर हैं। इस दौरान सेना के उत्तरी कमान के लेफ्टिनेंट जनरल देवराज अनबू ने दक्षिण कश्मीर में सेना की यूनिटों का दौरा किया। कमांडर ने अमरनाथ यात्रा के शुरू होने से पहले सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की और सैन्य अधिकारियों को स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय करते हुए यात्रा के इंतजामों को पुख्ता करने के निर्देश दिए।
उत्तरी सेना कमांडर ने हिजबुल कमांडर सबजार बट की हत्या के लिए भारतीय सैनिकों की सराहना भी की। इस दौरान ले. जनरल अनबू के साथ चिनार कार्प के कमांडर ले. जनरल जेएस संधू भी मौजूद रहे। ठीक एक महीने बाद शुरू होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा के लिए 27 हजार से ज्यादा जवानों की तैनाती की जाएगी। पिछले साल अमरनाथ यात्रा 48 दिनों की थी, जिसे घटा कर 40 दिन कर दिया गया था। इस बार घाटी में अमरनाथ यात्रियों को आतंकवादियों के अलावा पत्थरबाजों से भी खतरा है। सभी तरह के खतरों को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।