मोतिहारी
तुरकौलिया ब्रह्मटोला स्थित मठ में हुआ राम-जानकी का विवाह, उमड़े श्रद्धालु
By Deshwani | Publish Date: 3/2/2018 8:14:34 PMमोतिहारी/तुरकौलिया। आशा कुमारी
तुरकौलिया ब्रह्म टोला मठ प्रांगण में स्थित आम-महुआ के विवाह के उपलक्ष्य में श्री राम जानकी विवाह का आयोजन धूम-धाम से हुआ। गाजे बाजे व घोड़ा के साथ रामजी की बारात गांव से सज-धज कर निकाली गई। जिसमें सैकड़ों महिला-पुरुष भक्तों ने भाग लिया। पूरा वातावरण श्रीराम के जयकारों से गूँज रहा था। बारात के आगे -आगे मुखिया सुनील कुमार टाईगर व सरपंच अमरेंद्र तिवारी के साथ इलाके के गणमान्य लोग चल रहे थे। इस बारात में महिला व बच्चों की संख्या काफी थी। बारात के आगे रथ पर वर पक्ष की भूमिका निभा रहे ब्रह्मटोला मठ के साधु दीपनारायण दास सवार हो चल रहे थे। जिस रास्ते बारात चल रही थी, उसके दोनों किनारे श्रद्धालु भक्त खड़े हो पुष्प वर्षा कर रहे थे। मनभावन दृश्य दिख रहा था। पूरे रस्मों-रिवाज़ से मठ परिसर में राम-जानकी का विवाह सम्पन कराया गया। वर(श्री राम) पक्ष की तरफ़ से मठ के साधु दीपनारायण दास थे तो वहीं वधु(सीता) पक्ष की ओर से ग्रामीण रामेश्वर प्रसाद ने सपत्नीक कन्यादान किया। अष्टयाम और भंडारे का भी आयोजन किया गया। इस मौके पर मुखिया सुनील कुमार टाईगर , सरपंच अमरेंद्र तिवारी, समिति सदस्य मुक्ति नारायण, रामेश्वर प्रसाद, सोनू कुमार अश्क सहित अन्य लोग उपस्थित थे। ग्रामवासियों में इसको लेकर काफ़ी उत्साह देखने को मिला।