झारखंड
झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी कोरोना से संक्रमित, दुमका दौरा टला
By Deshwani | Publish Date: 25/9/2020 8:46:00 PMरांची। झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गये हैं। उन्होंने ट्वीट करके शुक्रवार को यह जानकारी दी। इस कारण मरांडी ने शनिवार का दुमका दौरा टाल दिया है।
मरांडी ने अपने ट्विटर पर लिखा कि कोविड-19 के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर उन्होंने अपना टेस्ट करवाया। टेस्ट में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। उन्होंने उम्मीद जतायी है कि वह जल्द ही स्वस्थ होकर लौटेंगे और फिर से जनसेवा में जुट जायेंगे। मरांडी गुरुवार को ही दिल्ली से लौटे हैं।
मरांडी ने पिछले दिनों अपने संपर्क में आने वाले सभी लोगों से अपील की है कि वे भी जल्द से जल्द अपनी कोरोना की जांच करवा लें, ताकि संक्रमण को फैलने से पहले ही रोका जा सके।
झारखंड में भाजपा विधायक दल के नेता मरांडी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना उनकी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने की है। सांसद संजय सेठ ने कहा है, ‘ईश्वर से आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’
सुनील तिवारी ने लिखा, ‘ईश्वर करे आप जल्द स्वस्थ हों। हम सबों की शुभकामना है।’ जय कुमार ने लिखा, ‘माननीय प्रथम मुख्यमंत्री, ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि आप तेजी से रिकवर करें और शीघ्र स्वस्थ हों।’