रांची। झारखण्ड में राज्य विधानसभा के तीसरे चरण के कल होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस चरण में राज्य के आठ जिलों की सत्रह विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे।
बारह विधानसभा क्षेत्रों में सुरक्षा कारणों से मतदान सवेरे सात बजे शुरु होकर दोपहर तीन बजे तक चलेगा। बाकी पांच सीटों-रांची, हटिया, कांके, रामगढ़ और बरकट्ठा में शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे।
इस चरण में छप्पन लाख से अधिक मतदाता 32 महिला उम्मीदवारों सहित तीन सौ नौ उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी ने सोलह उम्मीदवार खड़े किए हैं। झारखण्ड विकास मोर्चा तथा कांग्रेस-झारखण्ड मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल के विपक्षी गठजोड़ ने सभी सत्रह सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।
ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन ने चौदह, बहुजन समाज पार्टी ने पन्द्रह और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने नौ उम्मीदवार खड़े किए हैं। इसके अलावा 99 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं।
इस चरण के मुख्य उम्मीदवारों में राज्य के मंत्री सी.पी. सिंह और नीरा यादव, ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन के प्रमुख सुदेश महतो, झारखण्ड विकास मोर्चा के अध्यक्ष बाबू लाल मराण्डी, राज्य के पूर्व मंत्री और मजदूर यूनियन नेता राजेन्द्र प्रसाद सिंह तथा राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और साहित्यकार महुआ माजी शामिल हैं।