झारखंड
नीरज हत्याकांड के गवाह निखिलेश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह पर जानलेवा हमला
By Deshwani | Publish Date: 15/3/2019 6:48:44 PMझरिया। नीरज सिंह हत्याकांड के गवाह और डिप्टी मेयर प्रतिनिधि निखिलेश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह पर आज सुबह जानलेवा हमला हुआ है। डिप्टी मेयर निखिलेश सिंह ने थाना पहुंचकर अपने उपर हुए हमला की लिखित शिकायत की। पुलिस को बताया कि हमलावर भालगढ़ा दो नंबर निवासी टीपू वर्मा पिछले चार दिन से उसके आवास के आसपास देखा जा रहा था।
आज अहले सुबह जब वह अकेले अपने घर के बाहर बैठा था, तभी टीपू वर्मा आया और बोला कि तुमने संजीव सिंह के खिलाफ गवाही दी। इतना कहने के बाद उसने गुड्डू पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गुड्डू की गर्दन, पेट व दोनों हाथ पर चोटें आयी हैं। हमला होते ही गुड्डू ने शोर मचाया। इसके बाद हमलावर टीपू वहां से भाग गया।
गुड्डू पर हमला करने के बाद आरोपी टीपू वर्मा फरार हो गया है। गुड्डू की लिखित शिकायत पर झरिया पुलिस ने आरोपी के पिता जगरनाथ प्रसाद वर्मा को हिरासत में ले लिया है।
सूत्रों के अनुसार विगत 11 नवंबर 2018 को हमलावर टीपू वर्मा के घर पर गोलीबारी की गयी थी। उसके साथ मारपीट भी की गयी थी। इस मामले में जगरनाथ प्रसाद वर्मा ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसने निखिलेश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह व अन्य पर गोलीबारी करने और हमला करने का आरोप लगाया था।