झारखंड
फुटपाथ पर सो रहे लोगों को डंपर ने रौंदा, तीन की मौत, एक घायल
By Deshwani | Publish Date: 3/1/2019 11:47:44 AMजमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित टाटा नगर स्टेशन के पास आज सुबह फुटपाथ पर सो रहे चार लोगों को डंपर ने कुचल दिया। इस हादसे में दो बच्चों समेत तीन की मौत हो गई। जबकि एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने डंपर के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। घायल को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टाटा नगर स्टेशन के पास फुटपाथ पर कुछ लोग सो रहे थे। सुबह करीब 4 बजे तेज रफ्तार डंपर डिवाइड को तोड़ते हुए फुटपाथ पर चढ़ गया। इससे वहां सो रहे दो बच्चे समेत एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि एक जख्मी हो गया। डंपर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वो लोगों को कुचलने के बाद सामने एक पेड़ से जा टकराया। इससे पेड़ टूट कर सड़क पर गिर गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घटना की जानकारी फौरन पुलिस को दी गई। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।