झारखंड
हिन्दी के विकास में आगे आने का आह्वान
By Deshwani | Publish Date: 10/8/2017 8:13:38 PMबोकारो, (हि.स.)। बोकारो इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग में गुरुवार को सहायक महाप्रबंधक (सम्पर्क एवं प्रशासन) शांता एच. सिन्हा की अध्यक्षता में एक हिन्दी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजभाषा विभाग के प्रतिनिधि सहायक प्रबंधक सचिन्द्र कुमार बरियार, सहायक प्रबंधक सह विभागीय हिन्दी अधिकारी यूके गिरी समेत प्रचार्यगण एवं विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे। आरम्भ में गिरी ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया और विभागीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
सिन्हा ने कर्मियों को इस मौके पर राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार को गति देने के लिए सरल-सुबोध हिन्दी एवं दैनिक कार्यों में हिन्दी के प्रयोग पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया, ताकि भारत सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति की जा सके। उन्होंने हिन्दी की महत्ता को रेखांकित किया। बरियार ने प्रतिभागियों को भारत सरकार की राजभाषा नीति, वार्षिक कार्यक्रम में निर्धारित लक्ष्यों एवं यूनिकोड प्रणाली के उपयोग की अनिवार्यता की जानकारी दी। इस अवसर पर हिन्दी ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया और विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।