देश वाणी – विवेक शर्मा
हरसिद्धि, पूर्वी चंपारण। हरसिद्धि थाना पुलिस ने फोटो एडिट कर ब्लैकमेल करने के मामले में एक साइबर कैफे संचालक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय कुमार (पिता- रामचंद्र सिंह), निवासी मटियरिया, थाना हरसिद्धि के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, संजय कुमार पर आरोप है कि उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर एक युवती की तस्वीर में बदलाव (एडिटिंग) कर उसे वादी के मोबाइल पर भेजा था। साथ ही पैसे की मांग करते हुए रकम नहीं देने पर फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई थी। मामले को लेकर हरसिद्धि थाना में कांड संख्या 236/26 दर्ज किया गया था। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश एवं आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
वहीं दूसरी ओर, रात्रि गश्ती के दौरान हरसिद्धि बाजार नहर के समीप शराब पीकर हंगामा कर रहे एक युवक को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान राज कुमार (पिता- रविंदर ठाकुर), निवासी हरसिद्धि, थाना हरसिद्धि, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि जांच में युवक के शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया। हरसिद्धि थाना पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों तथा साइबर अपराध में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।












