राष्ट्रीय
लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी से केदार घाटी में जनजीवन अस्त-व्यस्त, सैकड़ों यात्री फंसे
By Deshwani | Publish Date: 24/9/2018 5:49:49 PMकेदारनाथ। पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश से केदार घाटी में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के चलते चार धाम यात्रा यात्रा बुरी तरह प्रभावित हुई है। बिगड़े मौसम के मद्देनजर केदारनाथ की यात्रा को भीमबली के पास रेाकना पड़ा और यात्रियों को वापस भेजना पड़ा। बता दें कि भीमबली के पास पहाड़ों से लैंड स्लाइड होने की वजह से पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया है। यात्रियों को इस मार्ग से गुजरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पहाड़ों से लैंड स्लाइड के मद्देनजर जिलाधिकारी ने रास्ता रोकने के आदेश दिए हैं। प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, 600 यात्रियों को केदारनाथ से निकलने के लिए रोक दिया गया है। प्रशासन की टीम जगह-जगह मौजूद है और यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे अपने जगहों पर सुरक्षित रहें। जब तक मौसम में सुधार नहीं हो जाता है, तब तक वे यात्रा न करें।
जगह-जगह लैंड स्लाइड की वजह से केदारनाथ से सैकड़ों यात्रियों को वापस गौरीकुंड भेज दिया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर संभव कोशिशें की जा रही हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि फंसे हुए यात्रियों को अलग-अलग सुरक्षित जगहों पर पहुंचा दिया गया है। उनकी देखरेख के लिए SDRF, NDRF और पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इनके अलावा रेस्क्यू टीम और होमगार्ड जवान भी सेक्टर मजिस्ट्रेट की देखरेख में यात्रियों की मदद कर रहे हैं।
केदारनाथ की बात करें तो यहां पिछले चार दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। यहां जारी पुननिर्माण काम पूरी तरह से ठप हो गया है। केदारनाथ की चोटियों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, केदारनाथ में बीती रात तापमान गिरकर माइनस 6 डिग्री तक पहुंच गया था। मौसम विभाग ने कहा कि अगर बारिश होती रही तो केदारनाथ में और ज्यादा बर्फबारी हो सकती है।