राष्ट्रीय
पाक के परमाणु युद्ध की धमकी पर रक्षा मंत्री राजनाथ का जवाब, कहा- भारत पर बुरी नजर रखने वालों को नहीं छोड़ेगी सेना
By Deshwani | Publish Date: 22/10/2019 3:19:35 PMनई दिल्ली। पाकिस्तान के मंत्री शेख रशीद की परमाणु युद्ध की धमकी का रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भारत कभी आक्रमक नहीं रहा है, ना किसी की एक इंच जमीन पर कब्जा किया लेकिन अगर किसी ने हमारी तरफ बुरी नजर से देखा तो हमारी सेना किसी को भी मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।
सेना भवन में नौसेना के शीर्ष कमांडरों के सम्मेलन को संबोधित करने के बाद रक्षा मंत्री ने कहा कि देश की समुद्री सीमाएं नौसेना के हाथों में पूरी तरह से सुरक्षित है और उन्हें भरोसा है कि समुद्री सीमा के जरिये मुम्बई जैसे आतंकवादी हमले को दोहराया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि कमांडरों से बातचीत के बाद वह आश्वस्त हैं कि समुद्री सीमाएं नौसेना के हाथों में सुरक्षित है।
उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में ‘मेक इन इंडिया’ योजना को बढ़ावा दिया जा रहा है और देश को इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ रक्षा निर्यात का गढ़ बनाने की कोशिश की जा रही है।