राष्ट्रीय
तमिलनाडु में वेदांता यूनिट के खिलाफ प्रदर्शन हुआ हिंसक, 11 लोगों की मौत
By Deshwani | Publish Date: 22/5/2018 6:01:06 PMनई दिल्ली। तमिलनाडु के तूतीकोरिन में वेदांता कंपनी की स्टरलाइट कॉपर यूनिट के खिलाफ पिछले कई महीनों से जारी विरोध प्रदर्शन आज अचानक हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के साथ हुई झड़प में कम के कम 11 लोगों की मौत हो गई तथा कई लोगों के घायल होने की खबर है।
चश्मदीदों के मुताबिक पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को कारखाने तक पहुंचने से रोका तो उन्होंने पत्थर बरसाने शुरू कर दिए और पुलिस के वाहन का पलट दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार स्थानीय लोग इस कारखाने को बंद करने के लिए पिछले कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे। जिसे देखते हुए इलाके में धारा 144 लगा दी गई है।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार इस कारखाने से फैलने वाले प्रदूषण से उनके स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है। इस कारण वह इसका विरोध कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि हजारों की संख्या में लोग प्रदर्शन के लिए यहां एकत्र हुए थे। गुस्साई भीड़ ने वहां 50 से ज्यादा वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वहां पुलिस तैनात की गई थी लेकिन धीरे-धीरे लोग कलेक्टर के कार्यालय की तरफ आगे बढ़ने लगे।