राष्ट्रीय
चंद्रयान-2 का सफल प्रक्षेपण, प्रधानमंत्री मोदी सहित अन्य नेताओं ने दी इसरो को बधाई
By Deshwani | Publish Date: 22/7/2019 4:55:21 PMश्रीहरिकोटा। भारत के दूसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-2 को यहां स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से सफल प्रक्षेपण किया गया और करीब 16 मिनट बाद भूस्थैतिक प्रक्षेपण यान जीएसएलवी मार्क111 एम-1 ने इसे सफलतापूर्वक पृथ्वी की कक्षा में स्थापित कर दिया।
तीन चरणों वाले 43.43 मीटर लंबे जीएसएलवी मार्क111 एम-1 ने अपराह्न दो बजकर 43 मिनट पर उड़ान भरी और आसमान में छाए बादलों को चीरते हुए प्रक्षेपण के करीब 16 मिनट बाद 3,850 किलोग्राम वजनी चंद्रयान-2 को पृथ्वी की कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया। पृथ्वी की कक्षा में स्थापित होने के साथ ही इसने भारत के महत्वाकांक्षी मिशन के पहले चरण को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। मिशन की सफलता के बाद पूरा देश खुशी से झूम गया है। इस गर्व के क्षण में नेताओं से लेकर बालीवुड के सितारों ने सोशल मीडिया पर बधाईयां देनी शुरू कर दी है।