राष्ट्रीय
करमबीर सिंह होंगे अगले नौसेना प्रमुख, सुनील लांबा 31 मई को हो रहे हैं रिटायर
By Deshwani | Publish Date: 23/3/2019 3:53:54 PMनई दिल्ली। वाइस एडमिरल करमबीर सिंह भारतीय नेवी के नए चीफ होंगे। वे मौजूदा एडमिरल सुनील लांबा की जगह लेंगे। लांबा 31 मई को रिटायर हो रहे हैं। नौसेना में सेवा के लिए एडमिरल सिंह को भारत के राष्ट्रपति द्वारा अति विशिष्ट सेवा मेडल भी मिल चुका है। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में उनकी नियुक्त की जानकारी दी गई है।
करमबीर सिंह नौसेना में 1980 में शामिल हुए थे। उनके पास एचएएल चेतक और कामोव का-25 हेलीकॉप्टर उड़ाने का व्यापक अनुभव है। उन्होंने आईसीजीएस चांद बीबी, आईएनएस विजयदुर्ग, आईएनएस राणा और आईएनएस दिल्ली सहित कई जहाजों की कमान संभाली है। उन्होंने पश्चिमी बेड़े के संचालन अधिकारी के रूप में भी काम किया है।
चीफ ऑफ स्टाफ-पूर्वी नौसेना कमान; चीफ ऑफ स्टाफ-अंडमान और निकोबार कमान, फ्लैग ऑफिसर महाराष्ट्र और गुजरात क्षेत्र रह चुके हैं। सिंह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (पुणे), रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज (वेलिंगटन) और कॉलेज ऑफ नेवल वारफेयर (मुंबई) से पढ़ाई की है।