नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर पीली धातु में तेजी के दम पर गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना लगातार पाँचवें दिन मजबूत हुआ और 110 रुपए चमककर 33,300 रुपए प्रति दस ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गया। हालाँकि, चाँदी 300 रुपए का गोता लगाते हुए 40,200 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सोना हाजिर 1.10 डॉलर की बढत में 1,293.95 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया। हालाँकि, फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा 0.10 डॉलर लुढककर 1,293.70 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि ब्रेग्जिट को लेकर बनी अनिश्चितता की वजह से निवेशक सुरक्षित निवेश मानी जाने वाली पीली धातु पर भरोसा कर रहे हैं।
हालांकि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर में आयी मजबूती से सोने की तेजी पर लगाम रही। वैश्विक स्तर पर चाँदी हाजिर 0.02 डॉलर की गिरावट में 15.55 डॉलर प्रति औंस पर रही। स्थानीय बाजार में जेवराती माँग निकलने से सोना स्टैंडर्ड 110 रुपए की बढत के साथ 33,300 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुँच गया।
सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 33,150 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। सोने की तेजी का असर गिन्नी पर भी रहा और यह 100 रुपए चमककर 25,500 रुपए प्रति आठ ग्राम के भाव बिकी। औद्योगिक माँग उतरने से चांदी हाजिर 300 रुपए लुढककर 40,200 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई।
चांदी वायदा 145 रुपए की गिरावट के साथ 39,690 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 77 हजार और 78 हजार रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहे। दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपये में) इस प्रकार रहे:-
सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम 33,300
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम 33,150
चाँदी हाजिर प्रति किलोग्राम 40,200
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम 39,690
सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा 77,000
सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा 78,000
गिन्नी प्रति आठ ग्राम 25,500