बिहार
पेट्रोल-डीजल के विरोध में सड़क पर उतरे "हम" कार्यकर्ता, पुलिस से हुई झड़प
By Deshwani | Publish Date: 19/9/2018 5:47:22 PMपटना। पटना में पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी हिदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। 'हम' कार्यकर्ताओं ने पटना के रामगुलाम चौक से राजभवन तक मार्च निकाला।
कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल के कीमतों में बढ़ोत्तरी के खिलाफ विरोध जताने के लिए बैलगाड़ी पर सवार होकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने रामगुलाम चौक से लेकर राज भवन तक मार्च निकाला। वहीं, इस बीच डाकबंगला चौराहा पर ही मार्च को पुलिस ने रोक दिया। पुलिस द्वारा मार्च को रोके जाने पर हम कार्यकर्ताओं ने झड़प शुरू कर दी। पुलिस ने डाकबंगला चौराहे से आगे उन्हें बढ़ने नहीं दिया। इस दौरान हम के कार्यकर्ताओं ने जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं के साथ हम के प्रदेश अध्यक्ष वषण पटेल भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि पेट्रोल- डीजल और गैस की कीमतों में जो इजाफा हो रहा है। इससे सिर्फ कार, स्कूटर और बाइक चलाने वाले पर ही असर नहीं पड़ता है, बल्कि पूरे देश के सभी लोगों पर असर पड़ता है।
पटेल ने कहा कि महंगाई अपने चरम सीमा पर है। मंहगाई की वजह से किसान जहर खा रहे हैं। सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। इससे जनता त्रस्त हो गई है। उन्होंने कहा है कि सरकार पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के अंदर नहीं ले आती है, तब हम पार्टी के द्वारा प्रदर्शन जारी रहेगा।