बिहार
नीतीश कुमार ने कहा बिहार में कानून का राज है और रहेगा
By Deshwani | Publish Date: 24/2/2018 8:35:48 PMपटना । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में कानून का राज है और रहेगा। चाहे कोई कितना भी बड़ा स्टेट्स रखता हो, अगर वह कानून का उल्लंघन करेगा तो छूट नहीं सकता। कानून सभी पर समान रूप से लागू है। कानून का राज स्थापित करने की दिशा में बिहार सरकार ने लक्ष्य हासिल किया हैै। राजधानी के बीएमपी-5 स्थित मिथिलेश स्टेडियम में पुलिस सप्ताह के दूसरे दिन पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने यह बात कही। इस मौके पर उन्होंने परेड की सलामी भी ली।
मुख्यमंत्री ने पुरस्कार वितरण समारोह में मौजूद पुलिस के आला अधिकारियों से कहा कि पुलिस अपने स्तर पर समाज के साथ सार्थक संवाद कायम करे। आप रोब से सब कुछ नहीं कर सकते। अपने लिए भी आत्मानुशासन जरूरी है। हाल ही में वह जापान की यात्रा से लौटे हैैं। वहां उन्होंने बड़े स्तर पर आत्मानुशासन देखा।
मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि थानों में हर हाल में विधि-व्यवस्था संधारण और अनुसंधान का काम अलग-अलग किया जाना चाहिए। अगर इन दोनों विंग के किसी कर्मी का स्थानांतरण होता है तो उनकी जगह वैसे ही कर्मी का पदस्थापन हो।
बिहार में अपराध की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां अपराध की घटनाओं में कमी आयी है। नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो के आंकड़े के अनुसार एक लाख की आबादी पर अपराध का राष्ट्रीय औसत 233.6 है जबकि बिहार में यह 157.4 है। अपराध की संख्या के लिहाज से बिहार 22 वें नंबर पर है।