नेपाल
नेपाल के मकवानपुर में चार बच्चों समेत आठ भारतीय पर्यटकों की मौत
By Deshwani | Publish Date: 22/1/2020 11:58:40 AMकाठमांडू। नेपाल में चार बच्चों समेत आठ भारतीय पर्यटकों की मृत्यु हो गई है। ये सभी नेपाल के मकवानपुर जिले के दमन में एक होटल में आज सुबह बेहोशी की हालत में पाए गए। नेपाल के पुलिस प्रवक्ता शैलेश थापा छेत्री ने हमारे संवाददाता को बताया कि कल रात 15 भारतीय पर्यटक, दमन के इस रिसोर्ट में रूके थे।
उन्होंने चार कमरे बुक कराए थे, लेकिन आठ लोग एक ही कमरे में ठहरे और उन्होंने कमरा गर्म करने के लिए गैस हीटर चालू किया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आज सुबह आठ लोग बेहोशी की हालत में मिले थे, जिन्हें इलाज के लिए हवाई मार्ग से काठमांडू ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में दो जोड़े और चार बच्चे शामिल है। ये सभी लोग केरल से हैं। पोस्टमार्टम के बाद उनके शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।