खेल
आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में फिर से प्रथम स्थान पर भारतीय कप्तान विराट कोहली
By Deshwani | Publish Date: 5/12/2019 10:30:17 AMनई दिल्ली। भारतीय कप्तान विराट कोहली आज जारी आई.सी.सी. की ताजा टेस्ट रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में फिर से टॉप पर पहुंच गये हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ के नीचे खिसकने के कारण कोहली आगे बढ़ने में सफल रहे।
कोहली के 928 अंक हो गये हैं और अब वह स्मिथ से पांच अंक आगे हैं। चेतेश्वर पुजारा ने चौथा स्थान बरकरार रखा है। अंजिक्य रहाणे एक पायदान नीचे छठे स्थान पर खिसक गये हैं।
डेविड वार्नर नाबाद 335 रन की ऐतिहासिक पारी से 12 पायदान की छलांग लगाकर 12वें स्थान पर पहुंच गये हैं। मार्नस लाबुशेन पहली बार शीर्ष दस में पहुंचे हैं। वह इस साल के शुरू में 110वें स्थान पर थे। इंग्लैंड के कप्तान जो रूट को भी 226 रन की पारी खेलने का फायदा मिला है और वह सातवें स्थान पर पहुंच गये हैं।
गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह पांचवें स्थान पर हैं और वह भारतीय गेंदबाजों में सबसे आगे हैं। रविचंद्रन अश्विन नौवें स्थान पर बने हुए हैं। मोहम्मद शमी एक स्थान चढ़कर दसवें स्थान पर पहुंच गये हैं।