अंतरराष्ट्रीय
उत्तर कोरियाई शासक किम व्लदिमीर पुतिन का समर्थन हासिल करने के लिए पहुंचे रूस
By Deshwani | Publish Date: 24/4/2019 6:25:29 PMमॉस्को। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ संभावित तीसरी शिखर बैठक से पहले उत्तर कोरियाई शासक किम जोंग उन बुधवार को रूसी राष्ट्रपति व्लदिमीर पुतिन का समर्थन हासिल करने के लिए रूस पहुंच गए हैं। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट से मिली।
समाचार एजेंसी यॉनहाप के मुताबिक, किम बख्तरबंद ट्रेन से व्लेडिवोस्टोक पहुंचे हैं। रास्ते में सीमा पार करते ही खसान में उनकी ट्रेन रोक कर उनका परंपरागत ढंग से स्वागत किया गया। उनके साथ एक प्रतिनिधिमंडल भी आया है जिसमें विदेश मंत्री रि योंग हो, वरिष्ठ परमाणु वार्ताकार चो सोन हुई, उनकी बहन किम यो जोंग और चीफ ऑफ स्टाफ किम चांग सोन भी शामिल हैं।
समाचार एजेंसी केसीएनए की रिपोर्ट के मुताबिक, किम गुरुवार को रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात करेंगे और अपने पुराने मित्र देश से अंतरराष्ट्रीय और अमेरिकी प्रतिबंधों की वजह से बने आर्थिक दबाव को हटाने के लिए मदद की गुहार लगाएंगे। ऐसा माना जा रहा है पुतिन के साथ अपनी पहली शिखर बैठक में वह खुद को एक गंभीर वैश्विक कूटनीतिक खिलाड़ी के रूप में पेश करेंगे।