खेल
नवजोत ने भारत की तरफ से 100 मैच खेलने की उपलब्धि हासिल की
By Deshwani | Publish Date: 19/5/2017 12:08:46 PM नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी नवजोत कौर ने भारत की तरफ से 100 मैच खेलने की विशिष्ट उपलब्धि हासिल कर ली है। नवजोत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की हाकी श्रृंखला के चौथे मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की।
नवजोत ने 2012 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही नेपियर में अंतरराष्ट्रीय हाकी में पदार्पण किया था। कुरूक्षेत्र में जन्मी नवजोत ने जूनियर एशिया कप और नीदरलैंड में अंतरराष्ट्रीय अंडर-21 टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करके सीनियर टीम में जगह बनाई थी। इसके बाद वह लगातार भारतीय टीम का हिस्सा रही।
इस बीच नवजोत ने हॉकी विश्व लीग सेमीफाइनल्स, 17वें एशियाई खेल, 2016 रियो ओलंपिक, चौथी एशियाई चैंपियन्स ट्राफी और महिला हॉकी विश्व लीग राउंड दो में भी टीम का प्रतिनिधित्व किया। इससे पहले डिफेंडर सुनीता लाकड़ा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे मैच में अपना 100वां मैच खेला था, जिसमें भारत को 2-3 से हार झेलनी पड़ी थी।