खेल
धोनी ने विकेट के पीछे खिलाड़ियों को आउट करने का शतक पूरा किया
By Deshwani | Publish Date: 15/5/2017 5:25:34 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। पूर्व भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग में विकेट के पीछे खिलाड़ियों को आउट करने का शतक पूरा कर लिया है। धोनी आईपीएल में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे विकेटकीपर बन गए हैं। इससे पहले दिनेश कार्तिक के नाम यह उपलब्धि दर्ज है।
गुजरात लॉयन्स के दिनेश कार्तिक ने अब तक आईपीएल में 152 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 26 स्टम्प और 80 कैच की मदद से 106 बल्लेबाजों का शिकार किया है। धोनी के नाम आईपीएल में अब 101 शिकार हो गए हैं। किंग्स इलेवन पंजाब की पारी के 11.3 ओवर में डैन क्रिस्टियन की गेंद पर धोनी ने अक्षर पटेल का कैच पकड़कर 100 शिकार पूरे किए। इस मैच से पहले धोनी के नाम विकेट के पीछे 156 मैचों में 98 शिकार थे।
धोनी ने अपने आईपीएल कॅरियर में 30 बल्लेबाजों को स्टंप और 71 बार बल्लेबाजों को विकेट के पीछे लपका है। धोनी ने अपने अन्तिम आईपीएल मैच में साहा, अक्षर पटेल और स्वप्निल सिंह के कैच पकड़े।
विकेट के पीछे बल्लेबाजों को शिकार बनाने में कोलकाता राइट राइडर्स के रॉबिन उथप्पा तीसरे स्थान पर हैं। रॉबिन उथप्पा ने अब तक आईपीएल में 147 मैचों में 88 बल्लेबाजों पवेलियन भेजा है। इस दौरान उन्होंने 56 कैच और 32 स्टम्पिंग की मदद से बल्लेबाजों को आउट किया। इस सूची में चौथे स्थान पर नमन ओझा और पांचवें स्थान पर पार्थिव पटेल है। ओझा ने 74 और पटेल ने विकेट के पीछे 69 शिकार किए हैं।