खेल
धोनी एक बेहतरीन नेतृत्वकर्ता : रवि शास्त्री
By Deshwani | Publish Date: 10/11/2017 3:38:00 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज महेन्द्र सिंह धोनी का समर्थन करते हुए कहा कि वह एक बेहतरीन नेतृत्वकर्ता और शानदार सहयोगी हैं।
शास्त्री ने कहा कि कुछ 'ईर्ष्या' करने वाले लोग चाहते हैं कि धोनी खराब खेलें और उनका करियर खत्म हो। लेकिन उनके जैसे महान खिलाड़ी अपना भविष्य खुद तय करते हैं।
उन्होंने कहा कि धोनी की आलोचना से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है। हम जानते हैं कि टीम में धोनी कहाँ खड़ा है। वह सर्वकालिक महान क्रिकेटरों में शामिल हैं। तो उन पर हमेशा बात की जा सकती है। वह महान खिलाड़ी हैं इसलिए उन पर बात की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच राजकोट में खेले गए दूसरे टी20 मैच में भारत की हार के लिए पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को जिम्मेदार ठहराते हुए कई पूर्व क्रिकेटरों ने उन्हें संन्यास ले लेने की सलाह तक दे दी थी। धोनी ने इस मैच में अपेक्षाकृत धीमी बल्लेबाजी की थी और 37 गेंदों पर 49 रन बनाकर आउट हो गये थे। न्यूजीलैंड ने इस मैच में 20 ओवर में 2 विकेट पर 196 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में 156 रन ही बना पाई।