खेल
देसी कोचों की नियुक्ति से संवारेगा खेल का भविष्य : अंजू बॉबी जॉर्ज
By Deshwani | Publish Date: 6/11/2017 12:58:07 PMगोरखपुर, (हि.स.)। गोरखपुर में एक खेल समारोह में शिरकत करने आई अर्जुन अवार्डी से सम्मानित एथलीट अंजू बॉबी जार्ज ने कहा कि देश मे खेलों के उज्जवल भविष्य के लिए देशी कोचों की नियुक्ति जरूरी है। अगर मेक इन इंडिया की तर्ज पर इस योजना के तहत या नई खेल नीति बनाकर ही कोचों की नियुक्ति की जाय तो खिलाड़ियों को ओलंपिक पदक लाने से कोई भी शक्ति नहीं रोक सकती है।
उन्होंने कहा कि भारतीय कोच विदेशी कोच से कमतर नहीं हैं। उन्हें न सिर्फ यहां में वातावरण में तैयारी करने का हुनर है बल्कि वे खिलाड़ियों के मन को भी बखूबी समझते हैं। केवल उनके पास संसाधन की कमी है। सरकार को ऐसे खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने को देशी कोच नियुक्त करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार अगर ऐसा जरती है तो देश को एक से बढ़कर एक खिलाड़ी मिलने के रास्ते खुल जाएंगे। मेक इन इंडिया की नीति को खेल में भी लागू करना चाहिए। स्थानीय प्रशिक्षकों को आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए। अच्छे पैकेज और बेहतर मानदेय व सुविधा मिलने पर देशी कोच बेहतरीन खिलाड़ियों की फ़ौज खड़ा कर देंगे। किसी भी स्तर पर प्रतिभाओं की कमी न है और न रहेगी।
उन्होंने कहा कि खेलों के भविष्य के लिए काफी संसाधन लगाया जा रहा है। धन भी खर्च हो रहा है। लेकिन नतीजा नहीं दिख रहा है। यह देशी कोचों की नियुक्ति के कुछ वर्षों तक स्थिति बनी राह सकती है, लेकिन आने वाले परिणाम पॉजिटिव होंगे। तैयारियां एक दिन रंग जरूर लाएंगी और ओलंपिक पदक रूपी सूखा एक दिन खत्म होगा।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के जीतकर आने के बाद दी जाने वाली रकम को भी संसाधन जुटाने में खर्च किये जाने चाहिए। इससे बेहतर रिजल्ट आने की संभावनाएं बढ़ जातीं हैं। इस बात को ध्यान में रखा जाना जरूरी है कि खिलाड़ी पदक के लिए नहीं देश के लिए खेलता है।