खेल
महिला एशिया कप हॉकी : भारत ने मलेशिया को 2-0 से हराया
By Deshwani | Publish Date: 31/10/2017 4:07:00 PM नई दिल्ली, (हि.स.) । भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए मंगलवार को महिला एशिया कप के पूल ए के अपने आखिरी मैच में मलेशिया को 2-0 से हरा दिया। प्रतियोगिता में भारतीय टीम की यह लगातार तीसरी जीत है। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम 9 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष पर रहते हुए क्वार्टरफाइनल में पहुंच गई है। भारतीय टीम के लिए दोनों गोल आखिरी क्वार्टर में वंदना कटारिया (54वें मिनट) और गुरजीत कौर (55वें मिनट) ने किया। भारतीय टीम ने इससे पहले अपने से ज्यादा रैंक वाली चीन को 4-1 से मात दी थी।
मैच के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने सावधानी पूर्वक खेल का प्रदर्शन किया। मलेशियाई टीम ने जहां सुरक्षात्मक हॉकी खेली, वहीं भारत ने धैर्यपूर्वक खेल का प्रदर्शन किया। पहले क्वार्टर के गोल रहित समाप्त होने के बाद दूसरे क्वार्टर के शुरूआती मिनटों में मलेशिया को पेनल्टी कार्नर मिला। हालांकि पहले से सजग रजनी इटीमारपू मे शानदार बचाव कर मलेशिया का प्रयास विफल कर दिया। इसके बाद इस क्वार्टर में भारतीय टीम को 1 और मलेशिया को 2 पेनल्टी मिले, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी।
दूसरा और तीसरा क्वार्टर भी गोल रहित समाप्त हुआ। तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक रूख अख्तियार कर लिया। मैच के 54वें मिनट में वंदना ने बेहतरीन मैदानी गोल कर भारतीय टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इस गोल के अगले ही मिनट में भारतीय टीम को पेनल्टीकार्नर मिला और इस भार ड्रैग फ्लिकर गुरजीत कौर ने इसे गोल में बदलकर भारतीय टीम को 2-0 से जीत दिला दी।