खेल
कोलम्बिया के खिलाफ देशवासियों को निराश नहीं करेंगे : सुरेश सिंह
By Deshwani | Publish Date: 8/10/2017 3:05:28 PM नई दिल्ली, , (हि.स.)। भारतीय अंडर-17 विश्व कप टीम के सदस्य के सुरेश सिंह ने कहा कि हम सब कोलम्बिया के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं और इस मैच में हम अपनी सब कुछ लगा देंगे। उन्होंने कहा कि हम देशवासियों को निराश नहीं करेंगे।
राजधानी के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में अंडर-17 राष्ट्रीय टीम के अभ्यास सत्र के दौरान उन्होंने कहा कि हमें अपनी गलतियों को सुधारने और आगे बढ़ने की ज़रूरत है। जीत और हार खेल का हिस्सा है। हम अगले मैच के लिए तैयार हैं।
अमेरिका के खिलाफ पहले मैच को लेकर सुरेश ने कहा कि अमेरिका के खिलाफ मैदान पहुंचने से पहले हम परेशान नहीं बल्कि उत्साहित थे। 55000 दर्शकों के सामने राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करना कुछ ऐसा है जिसे आप शब्दों में बयां नहीं कर सकते। यह इतिहास है और शुक्र है, हम इसका हिस्सा हैं।
कोलंबिया के खिलाफ मैच को लेकर उन्होंने कहा कि अगर टीम सही समय पर सही जगह पर रहती है तो कोलंबिया की गति को कम किया जा सकता है। सुरेश ने स्पष्ट किया कि मेरा मानना है कि यदि हम अपनी स्थिति पर अधिक ध्यान देते हैं तो उनकी गति का सामना कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि एक छोटी सी गलती से विश्व स्तर पर हमें काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है और यह हमारे लिए सबसे बड़ा सबक है हमने अपने पहले मैच से बहुत कुछ सीखा है।