खेल
आइल आफ मैन शतरंज : आनंद,विदित और स्वप्निल ने छठें दौर में दर्ज की जीत
By Deshwani | Publish Date: 29/9/2017 5:12:31 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। आइल आफ मैन अंतरराष्ट्रीय शतरंज टूर्नामेंट में भारतीयों का शानदार प्रदर्शन जारी है। दिग्गज भारतीय ग्रैंड मास्टर विश्वनाथन आनंद, विदित संतोष गुजराती और स्वप्निल एस धोपाडे ने छठें दौर में जीत दर्ज की। विदित संतोष ने काले मोहरों से खेलते हुए हमवतन हर्षा भारताकोटी को मात दी। विदित का सामना अब विश्व चैम्पियन नार्वे के मैग्नस कार्लसन से होगा। प्रतियोगिता में विदित छठें दौर के बाद दूसरे स्थान पर काबिज हैं।
वहीं आनंद ने सफेद मोहरों से खेलते हुए सेतुरमन को मात दी। आनंद का सामना अमेरिकी ग्रैंडमास्टर लेंडरमैन एलेक्सांद्र से होगा। जबकि सेतुरमन का सामना स्पेन के वालेजो पोंस फ्रांसिस्को से होगा। स्वप्निल ने नार्वे के ग्रैंडमास्टर तारी आर्यन को मात दी और अब उनका सामना हंगरी के ग्रैंडमास्टर रिचर्ड रैपोर्ट से होगा। छठे दौर के बाद आनंद और स्वप्निल 4.5 अंक लेकर 16 अन्य खिलाड़ियों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं।