नई दिल्ली, (हि.स.) । स्कूली स्तर पर श्रेष्ठ प्रतिभाओं की पहचान के लिए दिसंबर में “खेलो इंडिया गेम्स” नामक प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। जो स्कूली स्तर पर एक सर्वश्रेष्ठ टूर्नामेंट होगा और श्रेष्ठ प्रतिभाओं के पहचान का महत्वपूर्ण मंच होगा।
खेलमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने मंगलवार को यहां "सभी के लिए खेल" विषय पर एक राष्ट्रीय कार्यशाला के आयोजन पर उक्त जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता से 1 हजार खिलाड़ियों का चयन किया जायेगा,जिन्हें 8 साल में 5 लाख प्रति वर्ष के हिसाब से संसाधन उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि हम हर वर्ष 1 हजार खिलाड़ियों को जोड़ते जायेंगे, जिससे देश में विभिन्न खिलाड़ियों की एक बड़ी फौज तैयार हो जायेगी।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री का खेलों के प्रति दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए सरकार ने खेलो इंडिया की जो पहल की है, उसके तहत सम्पूर्ण खेल व्यवस्था में परिवर्तन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया स्कीम स्टेडियमों के विकास तक ही सिमित नहीं है। बल्कि इसके तहत खिलाड़ियों और देश के विकास के लिए कार्य किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि स्कीम के तहत खेलों का व्यापक आधार बनाना, खिलाड़ियों के लिए अवसर पैदा करना प्रतिस्पर्धा तैयार करना। प्रतिभाओं की पहचान करना और फिटनेस के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
बता दें कि इस कार्यशाला में भारतीय ओलंपिक संघ, खेल विभाग, खेल प्राधिकरण, राष्ट्रीय पर्यवेक्षकों, राज्यों के खेल सचिव और संघ शासित प्रदेशों, खेल पदोन्नति बोर्ड और खेल संवर्धन एनजीओ के 80 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।