खेल
युवराज के साथ फिर हुआ अनदेखी
By Deshwani | Publish Date: 8/9/2017 12:53:46 PMनई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटरों में शूमार युवराज सिंह को एक बार फिर से अपमान का घूंट पीना पड़ा है। राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैच के लिए 14 सदस्यीय बोर्ड अध्यक्ष एकादश टीम की घोषणा की है। युवराज सिंह को इस टीम में भी जगह नहीं मिली है। इससे साफ होता है कि युवराज अब देश के शीर्ष 74 क्रिकेटरों में शामिल नहीं हैं।
चयनकर्ताओं ने संकेत दिए हैं कि शीर्ष 15 क्रिकेटर श्रीलंका दौरे पर गए थे और उनका ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में बने रहना लगभग तय है। इसके बाद 45 क्रिकेटर इस समय चल रही दिलीप ट्रॉफी में खेल रहे हैं। श्रीलंका गए 15 और दिलीप ट्रॉफी खेल रहे 45 क्रिकेटर मिलकर देश के शीर्ष 60 क्रिकेटर होते हैं।
भारत की पहली टीम श्रीलंका गई थी, हालांकि, उसमें भी कई शीर्ष खिलाड़ियों को आराम दिया गया था। इसके बाद की तीन शीर्ष टीमें दिलीप ट्रॉफी में अपने जौहर दिखा रही हैं। युवराज को इनके बाद आने वाले अगले 14 क्रिकेटरों यानी देश की पांचवीं टीम में भी जगह नहीं मिली। बोर्ड अध्यक्ष एकादश की टीम के ये 14 क्रिकेटर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेंगे। इसका मतलब है कि युवराज की देश के शीर्ष 74 क्रिकेटरों में जगह नहीं बनती है।