खेल
स्टार इंडिया ने 16,347 करोड़ रुपए की बोली लगाकर आइपीएल के मीडिया अधिकार खरीदे
By Deshwani | Publish Date: 4/9/2017 3:22:14 PMमुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की सोमवार को मुंबई में लॉटरी लग गई। बोर्ड के सबसे कामयाब टूर्नामेंट आइपीएल को 'अपना' बनाने के लिए 24 कंपनियां में होड़ थी। आईपीएल के टीवी राइट्स और डिजिटल राइट्स के लिए बोली लगाई गई और इसमें स्टार इंडिया और सोनी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. करीब 4 घंटे की माथापच्ची के बाद स्टार इंडिया ने 16, 347 करोड़ रुपए में आइपीएल के दोनों, टीवी और डिजिटल राइट्स के अधिकार खरीद लिए। सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में से एक आइपीएल के विभिन्न वर्ष 2018 से 2022 तक के मीडिया राइट्स के लिए नीलामी आज मुंबई के एक पांच सितारा होटल में हुई।
अब अगले 5 साल के लिए यानी 2018 से 2022 तक आइपीएल के सारे अधिकार स्टार इंडिया के पास रहेंगे। ये दूसरी बार है जब आइपीएल के तमाम राइट्स के लिए बोली लगी। पहली बार साल 2008 में सोनी ने भारतीय उपमहाद्वीप के राइट्स करीब 8200 करोड़ में खरीदे थे। स्टार के पास पहले से ही भारतीय क्रिकेट के अधिकार हैं। अब इंडियन क्रिकेट पर एक तरह से स्टार का ही अधिकार है।
स्टार ने इतनी बड़ी बोली लगाकर स्पोर्ट्स राइट्स की दुनिया में हलचल मचा दी है। इस बोली को अगर तोड़कर देखा जाए तो आइपीएल के हर मैच के लिए स्टार करीब 55 करोड़ खर्च करेगा। पहले आइपीएल के हर मैच से बोर्ड को 15 करोड़ मिलते थे.हर अंतराष्ट्रीय मैच के लिए स्टार करीब 43 करोड़ बोर्ड को देता है। दरअसल सोनी ने सिर्फ़ टीवी राइट्स के लिए स्टार से कहीं ज्यादा 11,050 करोड़ की बोली लगाई थी, लेकिन स्टार ने सारे अधिकारों के लिए बोली लगाई। बोर्ड को कुल मिलाकर स्टार के साथ जाने में फायदा दिखा।