खेल
महिला सशक्तिकरण का प्रतीक हैं मिताली राज : शिवराज
By Deshwani | Publish Date: 17/8/2017 12:21:47 PMभोपाल, (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार शाम को आसियान युवा सम्मेलन में आए विभिन्न देशों के प्रतिभागी युवाओं से आत्मीय संवाद करते हुए आह्वान किया कि वे उत्साह से भरे रहें। अपने देश और विश्व के लिये बड़ा सोचें और उत्कृष्ट से उत्कृष्ट काम करने के लिये स्वयं को तैयार करते रहे। उन्होंने उनसे आग्रह किया कि वे बार-बार मध्यप्रदेश आएं, ताकि वे पूरा मध्यप्रदेश घूम सकें।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कार्यक्रम की प्रमुख आकर्षण भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मिताली महिला सशक्तिकरण की प्रतीक हैं। राज्य सरकार पूरी टीम का नागरिक अभिनंदन करेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपलब्धियों के साथ महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयां मिली हैं।
मिताली राज ने युवाओं को संबोधित करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि अब से कुछ साल पहले तक महिलाओं के लिए क्रिकेट खेलना अच्छा नहीं माना जाता था। आज समाज में इसे स्वीकार किया गया है। महिला क्रिकेट को एक नया मंच मिला है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रत्येक उपलब्धि के साथ अपेक्षाएं भी बढ़ती हैं। समालोचना से कमियां दूर होती हैं और आगे बढ़ने के रास्ते बनते हैं।
चुनौतियों का विश्लेषण करना और उनसे निपटने की बेहतर से बेहतर रणनीतियां तैयार करना सबसे जरूरी है। इसके बाद कड़ी मेहनत करने की बारी आती है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न देशों के युवाओं से आत्मीय चर्चा की और मध्यप्रदेश एवं भारत की विशेषताओं की जानकारी दी। सभी प्रतिभागी युवा अपने-अपने देशों की पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित रहे।