खेल
बेल्जियम ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को 3-1 से हराया
By Deshwani | Publish Date: 11/8/2017 6:47:09 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। पांच मैचों के यूरोप दौरे के दूसरे मैच मेजबान बेल्जियम ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को 3-1 से हरा दिया। भारतीय टीम की यह लगातार दूसरी हार है। बेल्जियम ने पहले मैच में भी भारत को 1-0 से हराया था। इस दौरे पर भारत ने एक युवा टीम भेजी है, जिसमें 2016 जूनियर विश्वकप जीतने वाली टीम के नौ खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
भारतीय टीम ने इस मैच में तेज शुरूआत की। मैच के चौथे मिनट में अरमान कुरैशी ने गोल कर भारत को 1-0 से आगे कर दिया। इस गोल के पांच मिनट बाद ही नौवें मिनट में अमाउरी केस्टरस ने मैदानी गोल कर बेल्जियम को 1-1 की बराबरी दिला दी।
ममैच के 21वें मिनट में लोइक लुइएपर्ट ने गोल कर बेल्जियम को 2-1 से आगे कर दिया। 30वें मिनट में सेड्रिक चार्लियर ने गोल कर बेल्जियम को 3-1 से आगे कर दिया। पहले हॉफ की समाप्ति पर बेल्जियम 3-1 से आगे रहा। दूसरे हॉफ में भारत ने मिडफील्ड में कड़ी मेहनत की, हालांकि बेल्जियम के रक्षकों ने भारतीय खिलाड़ियों का प्रयास सफल नहीं होने दिया और भारत यह मैच 3-1 से हार गया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम का अगला मुकाबला 13 अगस्त को नीदरलैंड के खिलाफ होगा।