खेल
अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर सुषमा वर्मा पर ईनामों की बरसात
By Deshwani | Publish Date: 8/8/2017 3:47:13 PMशिमला, (हि.स.)। महिला विश्व कप में शानदार प्रदर्शन से सुर्खियों में आई अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर सुषमा वर्मा पर राज्य सरकार ने ईनामों की बरसात हो गई है। सूबे के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को अपने आवास होलीलॉज में सुषमा वर्मा को सम्मानित किया। उन्होंने सुषमा वर्मा को पांच लाख रुपये का चैक तथा हिमाचल प्रदेश पुलिस में उप-पुलिस अधीक्षक के पद का प्रस्ताव भी दिया।
सुषमा वर्मा ने हाल ही में इंग्लेंड में आयोजित महिला क्रिकेट विश्व कप प्रतियोगिता में भारतीय क्रिकेट टीम में विकेटकीपर के तौर पर प्रतिनिधित्व किया था। सुषमा वर्मा शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज पंचायत हिमरी के गढेरी गांव की रहने वाली है।
मुख्यमंत्री ने सुषमा वर्मा की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नवोदित प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं हैं। सुषमा ने न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।
सुषमा वर्मा ने वीरभद्र सिंह तथा हिमाचल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह का उनकी उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए आभार जताया। सुषमा ने बताया कि बचपन से ही उसका पुलिस में सेवा करने का सपना था जो अब पूरा हुआ है।
इस दौरान सुषमा वर्मा के साथ उनके पिता भोपाल वर्मा तथा गढेरी पंचायत के प्रधान जगदीश वर्मा भी उपस्थित रहे।