खेल
भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने मलयेशिया को 2-0 से हराया
By Deshwani | Publish Date: 1/8/2017 11:39:39 AMकुआलालंपुर, (हि.स.)। प्यारी सक्सा के दो गोलों की बदौलत भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने मेजबान मलयेशिया को दोस्ताना मैच में 2-0 से हरा दिया।
कुआलालंपुर के एम.पी. सेलायांग स्टेडियम में हुए इस मैच में दोनों ही टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले हॉफ की समाप्ती पर दोनों ही टीमें गोल करने में असफल रहीं। दूसरे हॉफ की शुरूआत में मलयेशियाई खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल के प्रदर्शन किया और ज्यादा समय गेंद को अपने ही कब्जे में रखा। बावजूद इसके वह मजबूत भारतीय रक्षापंक्ति को भेद नहीं पाई। हालांकि इस दौरान मलयेशिया को गोल करने के मौके भी मिले। लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
मैच के 79वें मिनट में प्यारी ने शानदार मैदानी गोल कर भारत को पहली सफलता दिलायी। इसके सात मिनट बाद ही 86वें मिनट में प्यारी ने एक और बेहतरीन मैदानी गोल कर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। तय समय तक भारतीय टीम अपनी ये बढ़त बनाये रखने में कामयाब रही और मैच 2-0 से जीत लिया।