खेल
ग्रैंड प्रिक्स उस्ति नाद मुक्केबाजी में भारत ने 5 स्वर्ण सहित जीते 8 पदक
By Deshwani | Publish Date: 30/7/2017 2:26:25 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। चेक गणराज्य में आयोजित 48वें ग्रैंड प्रिक्स उस्ति नाद लाबेम मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भारतीय मुक्केबाजों ने पांच स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीता।
विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक विजेता शिव थापा (60 किलो), पूर्व राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता मनोज कुमार (69 किलो), अमित फांगल (52 किलो), गौरव बिधुरी (56 किग्रा) और सतीश कुमार (+ 91 किग्रा) ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर स्वर्ण पर कब्जा किया। कविंदर बिष्ट (52 किग्रा) और मनीष पनवार (81 किग्रा) ने रजत और सुमित संगवान (91 किग्रा) ने सेमीफाइनल में उतरने के साथ ही कांस्य पदक पर कब्जा किया।
अमित और कविंदर 52 किलो वर्ग के खिताबी मुकाबले में एक दूसरे के सामने थे। अमित ने कविंदर को 3-2 से हराकर स्वर्ण पर कब्जा किया। वहीं गौरव ने एकतरफा मुकाबले में पोलैंड के इवानो जारोस्ला को 5-0 से हराकर स्वर्ण जीता। हाल ही में एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले शिव ने स्लोवाकिया के फिलीप मेस्ज़ारोस पर 5-0 से जीत दर्ज की। मनोज ने स्थानीय मुक्केबाज डेविड कोट्रिक को 5-0 से हराया।