खेल
नाबालिग कबड्डी खिलाड़ी से दुष्कर्म मामले में कोच हिरासत में
By Deshwani | Publish Date: 19/7/2017 11:23:09 AMनई दिल्ली, (हि.स.)। माडल टाउन पुलिस ने नाबालिग कबड्डी खिलाड़ी से दुष्कर्म मामले में संदिग्ध आरोपी कोच को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान विजय के रूप में हुई है। पीड़िता ने सोमवार को पुलिस को शिकायत दी थी जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई।
16 वर्षीय पीड़िता जूनियर वर्ग में राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी है। उसने अपनी शिकायत में बताया कि 9 जुलाई को छत्रसाल स्टेडियम में तीस वर्षीय युवक से मुलाकात हुई थी। युवक ने खुद को स्टेडियम के प्रबंधन से जुड़ा बताया। इसके बाद पीड़िता युवक के साथ दिल्ली के किसी इलाके में गई जहां उसके साथ युवक ने दुष्कर्म किया। करीब एक हफ्ते तक सदमे में रहने के बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता को आरोपी के बारे में कुछ खास जानकारी नहीं है। इसलिए पुलिस ने मंगलवार को आरोपी की पहचान के लिए छत्रसाल स्टेडियम का रोस्टर खंगाला। सूत्रों के अनुसार इसके बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।