खेल
प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने दी किदाम्बी श्रीकांत को बधाई
By Deshwani | Publish Date: 25/6/2017 7:52:32 PM नई दिल्ली, (हि.स.) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ऑस्ट्रेलिया ओपन बैडमिंटन सुपर सीरीज का खिताब जीतने पर भारतीय दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने ट्विट कर अपने बधाई संदेश में कहा कि श्रीकांत के ऑस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब जीतने पर हमें गर्व है। मैं उन्हें एक और शानदार जीत के लिए बधाई देता हूं।
वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ट्विटर पर दिये अपने बधाई संदेश में कहा कि ऑस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब जीतने पर किदाम्बी श्रीकांत को बधाई। उनकी जीत भारतीय बैडमिंटन के इतिहास में एक यादगार क्षण है।
गौरतलब है कि भारतीय दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत ने अपना स्वर्णिम अभियान जारी रखते हुए रविवार को आस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब जीत लिया है। श्रीकांत ने खिताबी मुकाबले में चीन के चेन लोंग को सीधे सेटों में 22-20,21-16 से मात दी। इस जीत के साथ ही श्रीकांत लगातार दो सुपर सीरीज खिताब जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं।