खेल
श्रीकांत को पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार देगा बाई
By Deshwani | Publish Date: 25/6/2017 7:46:38 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। भारतीय बैडमिंटन संघ (बाई) ने सिडनी में रविवार को आस्ट्रेलियन ओपन सुपर सीरीज खिताब जीतने वाले दिग्गज भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत को पांच लाख रुपये के नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। श्रीकांत पहले भारतीय पुरूष शटलर हैं जिन्होंने लगातार दो सुपर सीरीज खिताब जीते हैं।
बाई अध्यक्ष हिमांत विश्व शर्मा ने श्रीकांत के लिए यह घोषणा की। उन्होंने शानदार जीत की बधाई देते हुए कहा कि हमें श्रीकांत आपकी उपलब्धियों पर काफी गर्व है। यह अद्भुत रहा। उन्होंने एक बार फिर देश को ही गौरवान्वित नहीं किया बल्कि अपना नाम सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की सूची में भी लिखवा लिया और श्रीकांत की प्रशंसा के लिये कोई भी शब्द काफी नहीं होगा।
अध्यक्ष की तरह ही बाई महासचिव अनून नारंग ने कहा कि यह निश्चित रूप से श्रीकांत और भारतीय बैडमिंटन की काफी बड़ी उपलब्धि है। संघ में जश्न का माहौल है और मुझे पूरा भरोसा है कि पूरे देश में बैडमिंटन प्रशंसकों का भी यही हाल होगा।