खेल
कोहली ने भारतीय हॉकी टीम को दी शुभकामनाएं
By Deshwani | Publish Date: 18/6/2017 3:17:20 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने हॉकी विश्व लीग सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले देश की हॉकी टीम को शुभकामनाएं दी हैं।
कोहली ने कहा कि मैं अपने देश की हॉकी टीम को शुभकामनाएं देता हूं। हालांकि मैंने कभी हॉकी नहीं खेली, लेकिन वह शानदार खेल रहे हैं इसलिए वह अच्छा करेंगे। गौरतलब है कि हॉकी विश्व लीग सेमीफाइनल्स में रविवार को भारत और पाकिस्तान की टीमें एक दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगी। दोनों टीमों के लिए यह मैच अहम है। साख की खातिर दोनों टीमें इस मैच को जीतने की हरसंभव कोशिश करेंगी।
भारत का अभी तक इस टूर्नामेंट में प्रदर्शन शानदार रहा है। उसने अपने पहले मैच में स्कॉटलैंड को 4-1 से मात दी थी तो वहीं दूसरे मैच में शनिवार को कनाडा को 3-0 से हराया। इन दोनों मैचों में भारत ने जिस तरह की आक्रामक हॉकी खेली है उससे पाकिस्तान की राह और मुश्किल हो सकती है। वैसे भी पाकिस्तान के लिए इस मैच में जीत अगले दौर में जाने के लिए बेहद अहम है।