खेल
इंडोनेशिया ओपन से बाहर हुईं साइना नेहवाल
By Deshwani | Publish Date: 15/6/2017 8:21:39 PM जकार्ता, (हि.स.)। भारतीय दिग्गज महिला बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल इंडोनेशिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। गैर वरीय साइना को थाईलैंड की निचोन जिंदापोल ने गुरुवार को एक घंटे तीन मिनट में 21-15, 6-21, 21-16 से हरा दिया। भारतीय खिलाड़ी साइना की यह जिंदापोल के खिलाफ पहली हार है।
भारतीय खिलाड़ी कॅरियर में आठ बार 15वीं रैंक जिंदापोल से भिड़ी हैं और इस हार से उनका थाई खिलाड़ी के खिलाफ रिकॉर्ड 7-1 का हो गया है। साइना नेहवाल ने पहले दौर में आठवीं रैंकिंग की थाई खिलाड़ी इंतानोन रत्चानोक को उलटफेर का शिकार बनाया था। विश्व की 11वें नंबर की भारतीय खिलाड़ी साइना ने पहले ही राउंड में कमाल का प्रदर्शन कर रत्चानोक को 17-21, 21-18, 21-12 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई थी।
इससे पहले भारत के एचएस प्रणय और किदाम्बी श्रीकांत ने अपने कॅरियर की सबसे बड़ी जीत हासिल करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। प्रणय ने विश्व के तीसरे नंबर के और शीर्ष रैंकिंग के मलेशियाई खिलाड़ी ली चोंग वेई को लगातार गेमों में 21-10, 21-18 से हराकर तहलका मचा दिया। श्रीकांत ने भी उलटफेर करते हुए चौथी रैंकिंग के डेनमार्क खिलाड़ी जान ओ जोर्गेनसन को 57 मिनट तक चले संघर्ष में 21-15, 20-22, 21-16 से पराजित कर दिया।