खेल
फ्रेंच ओपन के अंतिम आठ में पहुंची कैरोलिन वोज्नियास्की
By Deshwani | Publish Date: 5/6/2017 3:37:13 PM पेरिस, (हि.स.)। पूर्व विश्व नम्बर वन डेनमार्क की कैरोलिन वोज्नियास्की ने पूर्व चैम्पियन स्वेतलाना कुजनेत्सोवा को हराकर फ्रेंच ओपन के अंतिम आठ में जगह बनाई। वोज्नियास्की ने कुजनेत्सोवा को 6-1, 4-6, 6-2 से हराया। अब वह ऑस्ट्रेलिया की सामंथा स्टोसुर या लाटविया की येलेना ओ से खेलेगी। दूसरी वरीयता प्राप्त कैरोलिना प्लिस्कोवा ने जर्मनी की कारिना विथोफ्ट को 7-5, 6-1 से हराया।
वहीं पुरुष एकल में स्पेन के राफेल नडाल ने लाल बजरी पर शानदार फार्म जारी रखते हुए हमवतन 17वीं वरीयता प्राप्त राबर्टो बतिस्ता एगट को 6-1, 6-2, 6-2 से हराया। इसके साथ ही उन्होंने 11 बार यहां क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के रोजर फेडरर के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली।
गत चैम्पियन नोवाक जोकोविक भी 11वीं बार क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लेंगे, अगर वह स्पेन के अलबर्ट रामोस विनोलस को हरा देते हैं। जापान के केइ निशिकोरी ने दक्षिण कोरिया के हियोन चुंग को 7-5, 6-4, 6-7, 0-6, 6-4 से हराया। अब वह फर्नांडो वर्डास्को से खेलेंगे।