ब्रेकिंग न्यूज़
मोतिहारी के केसरिया से दो गिरफ्तार, लोकलमेड कट्टा व कारतूस जब्तभारतीय तट रक्षक जहाज समुद्र पहरेदार ब्रुनेई के मुआरा बंदरगाह पर पहुंचामोतिहारी निवासी तीन लाख के इनामी राहुल को दिल्ली स्पेशल ब्रांच की पुलिस ने मुठभेड़ करके दबोचापूर्व केन्द्रीय कृषि कल्याणमंत्री राधामोहन सिंह का बीजेपी से पूर्वी चम्पारण से टिकट कंफर्मपूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सांसद राधामोहन सिंह विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगेभारत की राष्ट्रपति, मॉरीशस में; राष्ट्रपति रूपुन और प्रधानमंत्री जुगनाथ से मुलाकात कीकोयला सेक्टर में 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 9 गीगावॉट से अधिक तक बढ़ाने का लक्ष्य तय कियाझारखंड को आज तीसरी वंदे भारत ट्रेन की मिली सौगात
बिहार
पृथ्वी दिवस पर बच्चों ने पर्यावरण रक्षा का लिया संकल्प
By Deshwani | Publish Date: 22/4/2017 5:15:28 PM
पृथ्वी दिवस पर बच्चों ने पर्यावरण रक्षा का लिया संकल्प

सीवान। पृथ्वी दिवस के अवसर पर शनिवार को नगर के कृष्णा टॉकिज में परफेक्ट विजन के तत्वावधान में डेढ़ हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण विषयक फिल्म दिल्ली सफारी दिखाई गयी। कार्यक्रम का उद्घाटन परफेक्ट विजन के सचिव मनोज मिश्र, कृष्णा टॉकिज के संचालक मोहन शर्मा, सिद्धांत एकेडमी के निदेशक संजय सिंह व ज्ञान केन्द्र के प्राचार्य पी.डी. शुक्ला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित करके किया।

बच्चों को संबोधित करते हुए सचिव मनोज मिश्र ने कहा कि मानवीय लोभ व बेतरतीब विकास से धरती के संसाधनों का तेजी से क्षरण हो रहा है। प्राण वायु दमघोंटू हो चली है। अमृत समान जल रोगों व मौत की बड़ी वजह बन रहा है। उन्होंने पर्यावरण असंतुलन की भयावहता की ओर इशारा करते हुए आगे कहा कि पृथ्वी की स्वाभाविक उर्वरा शक्ति को जहरीले रसायन चाट चुके हैं। मौसम चक्र तेजी से बदल-बिगड़ रहा है। प्राकृतिक आपदाओं की आवृति व आकार में इजाफा हो रहा है। जीव-जंतु गायब हो रहे हैं। मिश्र ने आगाह किया कि, यदि अब भी मानव ने पर्यावरण व विकास के बीच संतुलन स्थापित नहीं किया तो धरती पर मानव जीवन को बचा पाना मुश्किल हो जायेगा।
कृष्णा टॉकिज के संचालक मोहन शर्मा ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने मन, कर्म व वचन से पर्यावरण के अनुकूल आचरण करना चाहिये ताकि इस खूबसूरत दुनिया को बचाया जा सके। सिद्धांत एकेडमी के निदेशक संजय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष हमारी धरती के अद्भुत व अनमोल धरोहर है। धरती व मानव जीवन की सुरक्षा के लिये हर व्यक्ति को भरपुर मात्रा में वृक्ष लगाना चाहिए। फिल्म देखने के बाद बच्चों ने करतल ध्वनि के साथ पर्यावरण की रक्षा करने व पर्यावरण के अनुकुल आचरण करने का संकल्प लिया।
बच्चों की संख्या व उत्साह को देखते हुये उनकी सुविधा के लिए टॉकिज के मैनेजर धनंजय तिवारी व कर्मियों ने विशेष प्रबंध किया था।
कार्यक्रम में डीएवी मध्य विद्यालय, डीएवी हाई स्कूल, नेशनल कॉन्वेंट, ज्ञान केन्द्र, बीबीसी पब्लिक स्कूल, आइडियल पब्लिक स्कूल, विद्या भारती, देल्ही पब्लिक स्कूल, प्राथमिक विद्यालय रामनगर, महावीरी विद्यालय छपियां, सैनिक स्कूल, अंजेल एकेडमी व सिद्धांत एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर अपने नन्हें हाथों में तख्तियां लिए अनमोल गुप्ता, अंकित, आकाश आदि डेढ़ हजार से अधिक छात्र-छात्राएं व शिक्षक उपस्थित रहे। 
image
COPYRIGHT @ 2016 DESHWANI. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS