झारखंड
विधायक पर चार्जशीट फाइल करेगी रांची पुलिस
By Deshwani | Publish Date: 20/5/2017 12:20:49 PMरांची, (हि.स.)। विशुनपुर के विधायक चमरा लिंडा पर पुलिस चार्जशीट फाइल करेगी। रांची के जगन्नाथपुर थाने में झामुमो विधायक के खिलाफ विधानसभा के गार्ड से मारपीट, विधानसभा का रजिस्टर फाड़ने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने का आरोप है।
रांची के डीआईजी अमोल वेणुकांत होमकर ने केस की समीक्षा के बाद केस के अनुसंधानक को विधायक के खिलाफ चार्जशीट फाइल करने का आदेश दिया है। विधायक के खिलाफ जगन्नाथपुर थाने में कांड संख्या 115/13 दर्ज है। रांची पुलिस इसी हफ्ते विधायक पर चार्जशीट फाइल करेगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 21 मई 2013 की रात विधानसभा गेट पर उमानाथ साह की ड्यूटी थी। साह का आरोप था कि रात में एक बोलेरो गाड़ी आकर रुकी। तब टोपी पहना एक शख्स उतरा। उतरने के बाद गाड़ी को गेट के अंदर ले जाया गया। तब टोपी पहने शख्स ने खुद को विधायक चमरा लिंडा बताया। गार्ड ने जब रजिस्टर में गाड़ी का नंबर और अन्य जानकारियां भरनी चाही, तो उसके साथ मारपीट की गई। रजिस्टर को फाड़ दिया गया। ऐसे में विधायक के खिलाफ जगन्नाथपुर थाने में सरकारी कामकाज में बाधा, मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। शुरुआत में पुलिस ने विधायक को जांच में दोषी नहीं पाया था। हालांकि बीते साल जून में हटिया डीएसपी शिवेंद्र ने नए सिरे से केस का सुपरविजन किया। जिसमें विधायक को दोषी पाया गया और उसकी गिरफ्तारी का आदेश दिया गया था।
गौरतलब है कि बीते साल राज्यसभा चुनाव के दौरान कांड संख्या 115/13 में सुपरविजन के बाद चमरा लिंडा को 11 जून 2016 को गिरफ्तार कर लिया गया था। इस कांड में गिरफ्तारी से बचने के लिए चमरा लिंडा आर्किड अस्पताल में भी भर्ती हुए थे, लेकिन अस्पताल से छूटने के बाद 17 जून 2016 को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। झामुमो विधायक चमरा लिंडा इस मामले की सुपरविजन में दोषी पाए जाने के बाद हिरासत में लिए जाने की वजह से राज्यसभा का वोट भी अपने पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में नहीं दे पाए थे।