झारखंड
आंदोलन की रणनीति बनाने में जुटा झामुमो
By Deshwani | Publish Date: 15/5/2017 4:33:38 PMरांची, (हि.स.)। सीएनटी और एसपीटी एक्ट में हुए संशोधन के विरुद्ध झारखंड मुक्ति मोर्चा आंदोलन की तैयारियों में जुट गया है। इसे लेकर शीघ्र ही मोर्चा के सदस्य प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक आंदोलन करेंगे। इसे लेकर बहुत ही जल्द पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक होगी।
बताया जा रहा है कि आंदोलन के क्रम में धरना प्रदर्शन, पुतला दहन सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार झारखंड मुक्ति मोर्चा आने वाले कुछ दिनों में सड़क पर उतरेगा और सीएनटी और एसपीटी एक्ट में हुए संशोधन को वापस लेने की मांग करेगा। इस संबंध में झामुमो प्रवक्ता मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि सीएनटी और एसपीटी एक्ट में हुए संशोधन का विरोध शुरू से ही झामुमो करते आ रहा है। हमारी मांग है कि इस एक्ट में हुए संशोधन को तत्काल वापस लिया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक राज्य सरकार इस एक्ट में हुए संशोधन को वापस नहीं ले लेती है तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।