झारखंड
बुद्ध जयंती पर निकाली जायेगी प्रभातफेरी
By Deshwani | Publish Date: 9/5/2017 3:53:56 PMरांची, (हि.स.)। बौद्धिस्ट परिवार जैप वन की ओर से बुधवार को भगवान बुद्ध की 2561वीं जयन्ती धूम-धाम और उल्लास के साथ मनायी जायेगी। जैप वन परिसर डोरंडा स्थित बौध मंदिर में बुद्ध जयन्ती समारोह का मुख्य आयोजन संपन्न होगा। पांच मई से ही भगवान बुद्ध के मंदिर में दोमांग पाठ शुरू हो चुका है। इस संबंध में बौद्धिस्ट संगठन के प्रवक्ता ने बताया कि आज मंगलवार पूर्वाह्न में ध्वजारोहण के साथ दोमांग पाठ शुरू हो गया और शाम में संध्या आरती होगी।
गौरतलब है कि अहिंसा परमो धर्म के महान प्रवर्तक भगवान बुद्ध का 2561वां जन्मोत्सव समारोह बुधवार को आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर सुबह नौ बजे दीप प्रज्जवलन भगवान बुद्ध के मंदिर में किया जायेगा। वहीं साढ़े दस बजे जैप वन बौद्धिस्ट परिवार की ओर से प्रभातफेरी निकाली जायेगी, जिसमें हजारों की संख्या में महिला-पुरुष और बच्चे शामिल होंगे। भगवान बुद्ध जन्मोत्सव समारोह के मुख्य अतिथि जैप वन की समादेष्टा कुसुम पुनिया तथा विशिष्ट अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे होंगे।