झारखंड
बाइक चलाते समय हेलमेट पहनें : सीपी सिंह
By Deshwani | Publish Date: 29/4/2017 6:19:14 PMरांची। नगर विकास व परिवहन मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि हर व्यक्ति अपने जीवन का महत्व समझें तथा बाइक चलाते वक्त हेलमेट पहनें और फोर व्हीलर चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। सुरक्षा में ही बचाव है। इसलिए हमें वाहन चलाते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। सिंह शनिवार को रांची कालेज स्थित आर्यभट्ठ सभागार में सड़क सुरक्षा पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने को लेकर लगातार अभियान चला रही है। सड़क दुर्घटना होने से हमारा और आपका कुछ नुकसान नहीं होता, बल्कि उस परिवार को बहुत बड़ा नुकसान होता है, जिन्होंने किसी अपने को सड़क दुर्घटना में खो दिया। उन्होंने कहा कि सिर्फ फाइन काटने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि लोगों को सड़क दुर्घटना के प्रति सचेत करना है कि आगे से इसकी पुनरावृत्ति न हो। झारखंड राज्य परिवहन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में लोगों को रोड सेफ्टी के महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में बताया गया। इस अवसर पर परिवहन विभाग के कई अधिकारी उपस्थित थे।