झारखंड
शराबबंदी को लेकर आजसू महिला का धरना 29 को
By Deshwani | Publish Date: 27/4/2017 7:26:49 PMरांची। झारखंड में शराब बंद कराने की मांग को लेकर आजसू पार्टी ने मुहिम छेड़ दी है। इसे लेकर 29 अप्रैल को मोरहाबादी स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरने पर बैठ कर इसकी शुरुआत की जायेगी। आजसू महिला समिति की अध्यक्ष वायलट कच्छप ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसका निर्णय आजसू महिला समिति की बैठक में लिया गया है। धरना के माध्यम से जिला से लेकर गांव स्तर पर कार्यक्रम कर महिलाओं को गोलबंद किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि गांव-गांव में महिलायें शराब के खिलाफ आवाज उठा रही हैं। हर दिन किसी कोने से जुलूस निकाला जाता है, हल्ला बोला जाता है। लेकिन सरकार इसे बंद करने के बजाय खुद बेचने की तैयारी कर रही है। सरकार को राजस्व चाहिये, चाहे बर्बादी जितनी होती रहे, तो आजसू इसके खिलाफ गांव-गांव तक जाने के लिये तैयार है। मौके पर सीमा सिंह ने कहा कि आजसू पार्टी के महाधिवेशन में पारित 29 राजनीतिक प्रस्तावों में शराबबंदी सबसे उपर और महत्वपूर्ण है। मौके पर रीना केरकेट्टा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।