झारखंड
जल्द तैयार हो जाएगा मॉडल कोतवाली थाना
By Deshwani | Publish Date: 27/4/2017 4:04:45 PMरांची। राजधानी का कोतवाली थाना अब स्मार्ट थाने के रूप में होगा। इस नये मॉडल थाना का निर्माण कार्य अंतिम चरण पर है। थाने में वह सभी सुविधाएं होंगी, जो पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्मार्ट बनाने के लिए जरूरी हैं। 3.75 करोड़ की लागत से बनने वाला कोतवाली थाना तीन मंजिला होगा और इसमें मामले के अनुसंधान के लिए अलग से एक सेल होगा। इसमें जवानों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा गया है। थाने में उनके खाने से लेकर उन्हें फिटनेस रखने तक की सुविधा है। इसके लिए वहां जिम की व्यवस्था होगी।
तीन मंजिले इस नये भवन में कुल 19 कमरे हैं। इसमें कांफ्रेंस हॉल, मीटिंग हॉल और कंप्यूटर सेल अलग-अलग होगा। महिला और पुरुष जवानों को परेशानी न हो, इसके लिए जवानों के लिए आठ टॉयलेट बनाए गए हैं। थाने में कुल 21 टॉयलेट का निर्माण किया गया है। थानेदार के लिए अलग और सभी दारोगा के लिए अलग कमरे होंगे।
यह कोतवाली थाना जीपीएस युक्त होगा। इस थाने का लोकेशन कहीं से भी गूगल पर प्राप्त किया जा सकेगा। अब तक किसी भी थाने में जीपीएस का इस्तेमाल नहीं हुआ है। जीपीएस का इस्तेमाल होने से थाने की लोकेशन आसानी से प्राप्त की जा सकती है। अगर दूसरी ओर देखा जाए तो रांची के शहरी क्षेत्र में ऐसे कई थाने हैं, जहां आधारभूत जरूरत के चीजे भी उपलब्ध नहीं है। सुखदेव नगर थाना और हिन्दपीढ़ी थाना इन्ही में शामिल है।