झारखंड
हाईटेक हुई ट्रैफिक पुलिस, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
By Deshwani | Publish Date: 24/4/2017 12:20:30 PMरांची, (हि.स)। राजधानी की ट्रैफिक पुलिस अब हाईटेक हो गई है। ट्रैफिक पुलिस के साथ दुर्व्यवहार और रौब दिखाने वालों के लिए अब बड़ी मुसिबत हो सकती है। वह फंस भी सकते हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है.. क्योंकि ट्रैफिक पुलिस की वर्दी में बटन वाला कैमरा लग गया है।
कैमरे में सभी गतिविधियां न सिर्फ कैद होंगी, बल्कि पलभर में ही सारा फुटेज ट्रैफिक कंट्रोल रूम में चला जाएगा। शहर के 40 यातायात पोस्टों पर 100 बटन कैमरे के साथ ट्रैफिक के जवान और अधिकारी सोमवार से डियूटी करने उतर गए हैं। ट्रैफिक जवान और अफसरों को इसके लिए प्रशिक्षण भी दिया गया है। अब वे अपने मोबाइल से भी कैमरे का संचालन कर लेंगे। बटन कैमरे के बारे में राज्य के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को रांची में प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
गौरतलब है कि प्रशिक्षण देने के लिए बटन कैमरा कंपनी के विशेषज्ञ मुंबई से आए थे। ट्रैफिक एसपी यातायात संजय रंजन सिंह ने बताया कि इससे ट्रैफिक पुलिस के कार्यो में भी पारदर्शिता आएगी। अक्सर वाहन चालक और पुलिसकर्मी एक दूसरे पर दुर्व्यवहार और वसूली की शिकायत करते हैं। अब इन कैमरे के जरिए पुलिसकर्मी के व्यवहार और वाहन चालक की गलती तथा चालान की प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी। अब दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इससे अब ट्रैफिक नियम का कड़ाई से पालन भी कराया जा सकेगा।