झारखंड
फसल बीमा योजना का बढ़ाया गया दायरा
By Deshwani | Publish Date: 14/4/2017 4:45:11 PMरांची। किसानों को अब अपने फसल का ज्यादा से ज्यादा नुकसान का भुगतान भी मिल पाएगा। इसके लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दायरे को बढ़ाया गया है। इसका लाभ राज्य के करीब आठ लाख किसान उठा पाएंगे।
अब किसानों को प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल की बुआई नहीं होने और कटनी के बाद नुकसान होने पर भी बीमा लाभ देने का प्रावधान किया गया है। इसके तहत ओलावृष्टि, भूस्खलन और जल जमाव के कारण फसल की रोपनी नहीं होने और फसल काटे जाने के बाद भी नुकसान होने पर यदि इसकी सूचना समय पर दी गई थी, तो किसान को इसका लाभ मिलेगा। इससे पूर्व उपज कम होने पर ही बीमा का मिलता था। बीमा का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जो अपने फसल का बीमा करते है। बीमा का लाभ उठाने के लिए प्रखंड कार्यालय, लैम्पस-पैक्स और सरकार की ओर से अधिकृत एजेंसियों में समय पर आवेदन, जमीन की रसीद और वंशावली जमा करना जरूरी है।